पुलिस ने चोरी का खुलासा कर 66,200 रुपये का सामान किया बरामद, दो गिरफ्तार

*कोरिया।* पुलिस ने सोनहत थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने, चांदी के आभूषण, एक मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 66,200 रुपये का सामान बरामद कर लिया है।पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे और एसडीओपी राजेश साहू के निर्देश पर थाना प्रभारी विनोद पासवान के नेतृत्व में सोनहत पुलिस ने यह कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार, प्रार्थी उमाशंकर साहू निवासी रामगढ़ ने सोनहत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 07 जून 2026 को वह मेहमानदारी में मनेन्द्रगढ़ गया हुआ था और उसकी पत्नी घर पर अकेली थी।

शाम लगभग 07:00 बजे उसकी पत्नी अपने घर के दरवाजे पर सांकल लगाकर पड़ोस में गई थी। आधे घंटे बाद जब वह वापस घर लौटी तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है, पेटी खुली हुई है और सोने-चांदी के आभूषण तथा एक मोबाइल फोन अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए हैं।प्रार्थी की रिपोर्ट पर सोनहत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर राकेश कुमार गुप्ता पिता श्रीपथ गुप्ता, उम्र 28 वर्ष, एवं एक अपचारी आरोपी को तलब कर पूछताछ की। दोनों आरोपी ग्राम रामगढ़, थाना सोनहत, जिला कोरिया, छ0ग0 के निवासी हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया 01 जोड़ी सोने का बाली (कीमती 10,200 रुपये), 03 नग सोने का मंगलसूत्र (कीमती 18,000 रुपये), 01 नग चांदी का कमर धनी (कीमती 25,000 रुपये), 01 नग एंड्रॉइड रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन (कीमती 10,000 रुपये) तथा 3000 रुपये नगद रकम बरामद की। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 66,200 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी सोनहत विनोद पासवान, उप निरीक्षक राजाराम राठिया, उप निरीक्षक नीलमणी कुजूर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती, आरक्षक 530 निखलेश राजवाड़े, आरक्षक 484 शिव पटेल, सहायक आरक्षक उमेन्द्र सिंह और समयलाल का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *