रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की विदेशी शराब दुकानों में इन दिनों मदिरा प्रेमियों को अपने पसंदीदा ब्रांड के लिए भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में अंग्रेजी शराब के कई चर्चित और नामी ब्रांड दुकानों से पूरी तरह गायब हो चुके हैं, जिससे शराब के शौकीनों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। दुकान के कर्मचारियों का कहना है कि पीछे से सप्लाई नहीं होने के कारण वे ग्राहकों को उनकी मांग के अनुरूप ब्रांड उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।
शराब प्रेमियों की इस बढ़ती परेशानी और पसंदीदा ब्रांड के गायब होने के पीछे एक बड़ी तकनीकी वजह सामने आई है। आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अब कांच की जगह प्लास्टिक की बोतलों और सीसी में शराब की बिक्री की जाएगी। इसके लिए संबंधित शराब कंपनियां प्लास्टिक सीसी तैयार करने के लिए नई मशीनें स्थापित कर रही हैं। मशीनों के इसी सेटअप और बदलाव के कारण चर्चित ब्रांड्स की आपूर्ति में देरी हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में दुकानों में जो क्वार्टर बेचे जा रहे हैं, वे पुराना स्टॉक हैं। पिछले करीब एक महीने से रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और मैकडॉवेल्स नंबर-1 जैसे 760 रुपये से 800 रुपये की रेंज वाले कई बड़े ब्रांड्स के क्वार्टर और बोतलें बाजार से नदारद हैं। इसके साथ ही गर्मी के मौसम में मांग कम होने का हवाला देते हुए रम की सप्लाई भी पूरी तरह रोक दी गई है।
कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद पसंदीदा ब्रांड न मिलने से ग्राहकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि, आबकारी विभाग के अफसरों ने भरोसा दिलाया है कि जिन कंपनियों से एग्रीमेंट हुआ है, उन्हें मांग के अनुसार जल्द से जल्द आपूर्ति करने के निर्देश दे दिए गए हैं। विभाग के अनुसार, इस महीने के अंत तक या अगले महीने की शुरुआत से सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और बाजार में सभी प्रमुख ब्रांड फिर से उपलब्ध करा दिए जाएंगे।