राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में किसानों को सहकारी एवं निजी क्षेत्रों के माध्यम से आवश्यक मात्रा में उर्वरकों का सुगम, पारदर्शी एवं निर्धारित दर पर वितरण सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की अवैध जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में कृषि विभाग की टीम द्वारा राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम परसबोड़ में खड़े एक संदिग्ध ट्रक (क्रमांक ओडी 17 एस 7676) की जांच की गई। तलाशी लेने पर ट्रक में बिना किसी वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से ले जाई जा रही कुल 197 बैग खाद बरामद की गई, जिसमें 37 बैग बायो पोटाश और 160 बैग ग्रो सुपर दानेदार खाद शामिल है।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने खुलासा किया कि वह इस खाद को संबलपुर (ओडिशा) से लेकर आया था और इसे राजनांदगांव में खाली करने की तैयारी में था। कृषि विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाद से भरे ट्रक को जप्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए इसे पुलिस थाना सोमनी को सुपुर्द कर दिया है। विभाग द्वारा साफ किया गया है कि किसानों के हक पर डाका डालने वाले और खाद की कालाबाजारी करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।