रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार की शाम को आए अचानक मौसम के बदलाव, तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का बड़ा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है। खराब मौसम और रनवे पर कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) के कारण स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली दो प्रमुख उड़ानों को ऐन वक्त पर नागपुर डायवर्ट करना पड़ा।
डिप्टी सीएम और पूर्व सीएम भी फ्लाइट में थे मौजूद
मिली जानकारी के मुताबिक, जिन दो विमानों को नागपुर भेजा गया, उनमें से एक एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर फ्लाइट (AI1718) थी। इस वीआईपी फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और भाजपा प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास समेत बड़ी संख्या में आम यात्री सवार थे। रायपुर में लैंडिंग का क्लीयरेंस न मिलने के कारण विमान को नागपुर में सुरक्षित उतारा गया। बताया जा रहा है कि मौसम साफ होने और एटीसी (ATC) से हरी झंडी मिलने के बाद सभी वीआईपी और यात्री इसी फ्लाइट से वापस रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे।
हैदराबाद की फ्लाइट भी भेजी गई नागपुर
एयर इंडिया के अलावा, इंडिगो की हैदराबाद-रायपुर फ्लाइट (6E7248) को भी खराब मौसम के चलते रायपुर में उतरने की इजाजत नहीं मिली। इस विमान को भी हवा में डाइवर्ट करते हुए नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। अचानक हुए इस फेरबदल के कारण हवाई यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिनभर धूप के बाद शाम को मचा तांडव
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर तेज और चिलचिलाती धूप खिली हुई थी। लेकिन देर शाम होते-होते मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया। शहर में धूलभरी तेज आंधी चलने लगी और कड़कड़ाती बिजली के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस अचानक आए अंधड़ से जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ, वहीं उड़ानों के पहिए भी थम गए।