0 भवन का सीमांकन कर प्रशासन को अपने कब्जे में लेना चाहिए 0
दिलीप गुप्ता
सरायपाली= नगर के ठीक बीचोंबीच पुराने नगरपालिका कार्यालय के पीछे वर्षों पूर्व निर्मित एक शासकीय भवन जहां कभी आबकारी कार्यालय के साथ साथ रिहायशी मकान भी विभाग का हुआ करता था । यही से आबकारी कार्यालय का संचालन किया जाता था । किंतु पुराने व जीर्ण शीर्ण हो चुके यह भवन अब लोगों के अतिक्रमण का जरिया बन चुका है ।

प्रशासकीय देखरेख के अभाव में इस बेशकीमती जगह भी माफियाओं के आंखों में गढ़ रहा है संभव है आने वाले समय में यह भवन व जमीन भू माफियाओं व अतिक्रमण कारियों के हाथों में चला जायेगा । स्थानीय राजस्व विभाग को इस भवन व जमीन को सुरक्षित रखे जाने हेतु सीमांकन कराकर अपने आधिपत्य में लेना चाहिए ।
ज्ञातव्य हो कि वर्षों पूर्व इस स्थान पर शासकीय आबकारी कार्यालय भवन निर्मित था साथ ही यहां आवास भी था । पर भवन काफी पुराना हो जाने व जीर्ण शीर्ण अवस्था में हो जाने के कारण आबकारी कार्यालय व आवास को खाली कर अन्यत्र निवासरत हो गए थे ।

यह भवन पिछले 15-20 वर्षों से यूं ही पड़ा हुआ है । खाली व लावारिश पड़े इस भवन व जमीन को कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण भी कर लिए जाने की जानकारी मिल रही है तो वहीं कुछ भी माफियाओं की नजर भी इस बेशकीमती जमीन पर गड़ी हुई है । लगभग 2 वर्षों पूर्व पूर्व एसडीएम व नगरपालिका द्वारा जगह को सुरक्षित रखे जाने हेतु सीमेंट खम्भों व कंटीले तारों से घेर दिया गया था किंतु इसके बावजूद यह जमीन सुरक्षित नहीं है । प्रशासन व आबकारी विभाग को चाहिए कि वह इस भूमि का सीमांकन करवा कर अपने आधिपत्य में लेकर चारों तरफ से बाउंड्रीवाल देकर इसे सुरक्षित रखे।
वहीं सीमांकन के दौरान अतिक्रमण किए गए जगह को भी खाली करवाया जाना चाहिए ।