रमेश गुप्ता भिलाई । खुर्सीपार क्षेत्र में 15 टन से अधिक कोयला जब्त कर तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य का कोयला, तीन मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी जीएसटी दस्तावेजों के माध्यम से अवैध कोयला कारोबार को वैध दर्शाने का प्रयास कर रहे थे।

आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार गेट क्षेत्र में भारी मात्रा में कोयले का अवैध भंडारण कर चोरी-छिपे बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एसीसीयू दुर्ग और थाना खुर्सीपार पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी विजय कुमार केसरवानी के कब्जे से लगभग 15.530 टन कोयला, कांटा-तराजू तथा व्यापार से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को वैध व्यापारी बताते हुए जीएसटी बिल एवं अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए, लेकिन पुलिस ने दस्तावेजों की सत्यता की गहन जांच कराई। संबंधित विभागों से सत्यापन के दौरान प्रस्तुत जीएसटी बिल, परिवहन दस्तावेज और अन्य अभिलेख फर्जी एवं कूटरचित पाए गए। इससे यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पुलिस को गुमराह कर अवैध कारोबार को वैध साबित करने का प्रयास कर रहे थे।

विवेचना के दौरान पुलिस ने डिजिटल भुगतान, मोबाइल संचार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा की भूमिका सामने आई, जो कथित रूप से फर्जी जीएसटी दस्तावेज तैयार कराने और उपलब्ध कराने में शामिल थे। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि जब्त कोयले के वास्तविक स्रोत, परिवहन व्यवस्था, स्वामित्व तथा संभावित चोरी या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंध की जांच अभी जारी है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
इस संबंध में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(4), 336(3) एवं 340(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
विजय कुमार केसरवानी (48), निवासी खुर्सीपार मार्केट, दुर्ग।
राजकुमार मिश्रा (46), निवासी प्रियंका नगर, खुर्सीपार, दुर्ग।
सुनील शर्मा (50), निवासी दल्लीराजहरा, जिला बालोद, वर्तमान पता जामुल, दुर्ग निवासी बताए जाते हैं ।
छावनी सी एसपी अरविंद सिंह बताया है कि आर्थिक अपराधों, अवैध भंडारण और संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।