चारामा। नगर पंचायत चारामा के सभागार में आज एक बेहद भावुक और यादगार पल देखने को मिला। नगर के जलप्रदाय क्षेत्र में वर्षों से निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं दे रहे तीन कर्मवीरों—जयराम साहू, चित्रवीर साहू और कुंजलाल देवांगन की सेवानिवृत्ति पर एक संयुक्त विदाई समारोह का आयोजन किया गया। ढलती उम्र में भी निश्चल भाव से नगरवासियों की प्यास बुझाने वाले इन कर्मचारियों की विदाई के इस क्षण ने सभागार में उपस्थित हर शख्स की आंखें नम कर दीं।
नगर पंचायत अध्यक्ष भुवनेश्वर नागराज और नगर पंचायत परिवार की ओर से तीनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों का तिलक वंदन कर, शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई और उनके सुखद व उज्जवल भविष्य की कामना की गई।

”कम मानदेय के बावजूद कर्तव्य से कभी पीछे नहीं हटे ये कर्मवीर”
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष भुवनेश्वर नागराज ने भावुक शब्दों में कहा:
”कम मानदेय की व्यवस्था होने के बावजूद इन कर्मवीरों ने नगर की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी। अपने जीवन के 20-25 साल इन्होंने बिना किसी बड़ी चाह के, पूरी निष्ठा और निस्वार्थ भाव से नगर को समर्पित कर दिए। मौसम चाहे भीषण गर्मी का हो या कड़कड़ाती बरसात का, इन्होंने कभी अपने कर्तव्य से मुंह नहीं मोड़ा। इनके जाने से नगर पंचायत परिवार में एक शून्यता और कमी हमेशा महसूस होगी। नगर की जनता और पंचायत परिवार इनके इस योगदान को कभी नहीं भूल सकता।”
उन्होंने आगे कहा कि भले ही शासन के नियमों के तहत आज यह विदाई हो रही है, लेकिन भविष्य में भी नगर पंचायत को इन अनुभवी कर्मवीरों के मार्गदर्शन की आवश्यकता बनी रहेगी।
”नगर सेवा के तीन मजबूत स्तंभ”
समारोह में उपस्थित उप अभियंता हरीश कुमार ध्रुव ने इन कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ये तीनों कर्मचारी नगर की जलप्रदाय व्यवस्था के तीन मजबूत स्तंभ के समान रहे हैं। इनकी निस्वार्थ सेवा के लिए पूरा नगर हमेशा इनका ऋणी रहेगा।
इसके साथ ही लेखापाल वृषभ ठाकुर, पार्षद रानू सेन और पार्षद रजनी यादव ने भी अपने संबोधन में तीनों कर्मचारियों के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें आगामी जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामयी विदाई की बेला में पूर्व पार्षद सुभाष सोनकर, पार्षद तुलसी धर्मेंद्र कुंजाम, संदीप मेश्राम, कविता विनोद साहू, लोकेश सोनकर के साथ-साथ आर.आई. राजकुमार परकार, राजस्व निरीक्षक संजय सिंह चौहान, पुष्पेंद्र, कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र पटेल, गीता तिवारी, शियो संगीता ठाकुर, नारायण साहू (राजस्व), धरम कोसरिया, भूपेंद्र छांटा, बंसी यादव सहित बड़ी संख्या में नगर पंचायत के कर्मचारी और नगर सेवक उपस्थित रहे।