Delhi Fire News: मालवीय नगर के होटल-रेस्टोरेंट में भीषण आग, कई लोगों की मौत, 35 को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक होटल-रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धुएं और आग की लपटों के बीच फंसे लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से कूदने तक की कोशिश की। हादसे में कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

जानकारी के मुताबिक, आग मालवीय नगर स्थित फ्लॉरिस स्टे नामक होटल-रेस्टोरेंट में लगी। दमकल विभाग को सुबह करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

दिल्ली दमकल सेवा (DFS) के अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन समेत कई यूनिट्स को तैनात किया गया। दमकल कर्मियों ने घने धुएं के बीच घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान होटल में फंसे 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैल गई थी। कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए थे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग रेलिंग और खिड़कियों से बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दिए। आग के कारण पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया था, जिसे दूर से भी देखा जा सकता था।

बताया जा रहा है कि होटल में ठहरने की सुविधा भी थी। इस वजह से कुछ विदेशी नागरिक भी भवन में मौजूद थे। दमकल और पुलिस की टीम ने सभी मंजिलों की जांच कर लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने भी घटना पर चिंता जताई है और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की बात कही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *