पीएमईजीपी योजना से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत तक सब्सिडी, उद्योग विभाग ने शिविर में दी योजना की विस्तृत जानकारी

कोरिया, 26 मई 2026/ राज्यस्तरीय सुशासन तिहार के अंतर्गत मंगलवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत फूलपुर में क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण एवं युवाओं ने भाग लिया।

इस दौरान उद्योग विभाग के जिला प्रबंधक ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सूक्ष्म उद्यम स्थापित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत विनिर्माण क्षेत्र के लिए अधिकतम 50 लाख रुपये तथा सेवा क्षेत्र के लिए 20 लाख रुपये तक की परियोजनाओं हेतु ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

शिविर में बताया गया कि सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को ग्रामीण क्षेत्रों में 25 प्रतिशत एवं शहरी क्षेत्रों में 15 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला, भूतपूर्व सैनिक एवं दिव्यांग श्रेणी के हितग्राहियों को ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्रों में 25 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाएगी।

योजना के अंतर्गत बैंक परियोजना लागत का 90 से 95 प्रतिशत तक ऋण स्वीकृत करेगी। सामान्य वर्ग के आवेदकों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा विशेष श्रेणी के लाभार्थियों को केवल 5 प्रतिशत स्वयं का अंशदान देना होगा।

अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक आवेदक खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड, पासपोर्ट फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं परियोजना प्रतिवेदन सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।

शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि योजना के अंतर्गत केवल नई परियोजनाओं को ही ऋण प्रदान किया जाएगा। पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले एवं नशीले पदार्थों से जुड़े उद्योग इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित करने में रुचि दिखाई। अधिकारियों ने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *