जनता पर चौतरफा मार: भोपाल में 10 दिन में दूसरी बार बढ़ी CNG की कीमत, पेट्रोल-डीजल भी हुआ बेहद महंगा

भोपाल।

ईरान में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब सीधे आम आदमी की जेब पर दिखने लगा है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस यानी सीएनजी (CNG) के दाम 10 दिन के अंदर दूसरी बार बढ़ा दिए गए हैं। भोपाल में थिंक गैस एजेंसी ने सीएनजी की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। इस नए इजाफे के बाद अब भोपाल में सीएनजी के रेट बढ़कर 94.75 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए हैं।

दो महीने में 6 रुपये महंगी हुई CNG

इससे पहले इसी महीने 16 मई को सीएनजी के दाम करीब 3 रुपये प्रति किलो बढ़ाए गए थे। अगर पिछले दो महीनों का हिसाब देखें तो यह तीसरी बढ़ोतरी है। तीन बार में सीएनजी कुल 6 रुपये किलो तक महंगी हो चुकी है। भोपाल, सीहोर, राजगढ़, शिवपुरी और विदिशा जैसे जिलों में थिंक गैस कंपनी ही सप्लाई करती है, इसलिए इन सभी इलाकों के वाहन चालकों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।

पेट्रोल-डीजल के दाम भी आसमान पर, डीजल 100 के पार

आम जनता सिर्फ गैस ही नहीं, बल्कि पेट्रोल-डीजल की महंगाई से भी त्रस्त है। तेल कंपनियों ने पिछले 11 दिनों के भीतर चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। इस नए बदलाव के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों में डीजल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गई है, जबकि पेट्रोल 114 से 116 रुपये प्रति लीटर के बीच बिक रहा है। भोपाल में अब पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं उज्जैन में डीजल 100.11 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच चुका है।

बढ़ती कीमतों से सीएनजी गाड़ी मालिकों की बढ़ी चिंता

भोपाल में पिछले तीन सालों के दौरान सीएनजी गाड़ियों की डिमांड 50 फीसदी तक बढ़ी है। माइलेज अच्छा होने और पेट्रोल-डीजल से सस्ती होने के कारण लोग धड़ाधड़ सीएनजी गाड़ियां खरीद रहे थे। शहर के शोरूमों से हर दिन 10 से 15 सीएनजी गाड़ियां बिक रही हैं। भोपाल के करीब 25 स्टेशनों पर अब बढ़ी हुई दरें लागू हो चुकी हैं। ऐसे में लगातार बढ़ते दामों ने उन लोगों की चिंता बढ़ा दी है जिन्होंने पेट्रोल के खर्च से बचने के लिए सीएनजी गाड़ियां खरीदी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *