वीआईपी ठगी : खुद को बड़े नेता का पीए बताकर भाजपा विधायक को लगाया चूना

रायपुर। राजधानी रायपुर में शातिर ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे आम जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी अपना शिकार बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामले में ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना निशाना बनाते हुए उनके साथ वीआईपी ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। शातिर आरोपी ने खुद को भाजपा के ही एक बेहद कद्दावर और वरिष्ठ नेता का निज सहायक (पीए) बताकर विधायक से हजारों रुपये ऐंठ लिए। यह पूरी घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है।

ठग ने विधायक को अपने झांसे में लेने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया और तत्काल पैसों की जरूरत बताई।

डीजल भरवाने के नाम पर मांगा पैसा, दो बार में कराए ट्रांसफर

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और खुद को भाजपा के एक बड़े नेता का पीए बताते हुए बेहद रौब से बात की। बातचीत के दौरान उसने झांसा दिया कि वह रास्ते में है और उसे डीजल डलवाने के लिए तत्काल पैसों की सख्त जरूरत है। आरोपी ने विधायक को अपनी बातों में उलझाकर दो अलग-अलग किश्तों में रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा।

चूंकि विधायक उस समय सीधे पैसे ट्रांसफर करने की स्थिति में नहीं थे, इसलिए उन्होंने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को फोन कर आरोपी के बताए खाते में पैसे भेजने को कहा। विधायक के कहने पर सेवक ने दो बार में कुल 10 हजार रुपये आरोपी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए।

जब खुला राज, तो उड़े होश

पैसे ट्रांसफर होने के कुछ समय बाद जब विधायक पुरंदर मिश्रा ने संबंधित वरिष्ठ नेता के दफ्तर में इस बात की तस्दीक की, तब जाकर इस पूरी ठगी का भंडाफोड़ हुआ। खुद के ठगे जाने का अहसास होते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा ने तत्काल खम्हारडीह थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल नंबर व बैंक खाते के विवरण के आधार पर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

एक हफ्ते पहले ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से हुई थी लूट

राजधानी रायपुर में हाईप्रोफाइल वीआईपी को निशाना बनाने का यह एक हफ्ते के भीतर दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले देवेंद्र नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के हाथ से बाइक सवार लुटेरा उनका कीमती आईफोन छीनकर फरार हो गया था। हालांकि, उस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया था। अब देखना होगा कि विधायक से ठगी करने वाला यह शातिर सायबर ठग पुलिस की गिरफ्त में कब तक आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *