छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा बदलाव: अरुण पांडेय होंगे नए वन प्रमुख, 31 मई को रिटायर हो रहे हैं वी. श्रीनिवास राव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक गलियारों और वन विभाग से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। राज्य के वन बल प्रमुख (PCCF) वी. श्रीनिवास राव इसी महीने 31 मई को रिटायर हो रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने से पहले ही विभाग के नए मुखिया के नाम पर मुहर लग गई है। वरिष्ठ आईएफएस (IFS) अफसर अरुण पांडेय छत्तीसगढ़ वन विभाग के नए कप्तान होंगे।

नए वन प्रमुख के चुनाव के लिए हुई विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अहम बैठक में तीन सीनियर अफसरों के नामों पर चर्चा हुई। इस रेस में अरुण पांडेय, अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नाम शामिल थे। वरिष्ठता और काम के तजुर्बे को देखते हुए आखिरकार अरुण पांडेय के नाम पर अंतिम सहमति बन गई है।

एक्सटेंशन की अटकलों पर लगा विराम

पिछले कुछ दिनों से मंत्रालय और प्रशासनिक हल्कों में इस बात की जमकर चर्चा थी कि क्या वर्तमान वन प्रमुख वी. श्रीनिवास राव को सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) मिलेगा? कयास इसलिए भी लगाए जा रहे थे क्योंकि राज्य के पूर्व मुख्य सचिव अमिताभ जैन और पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा को उनके कार्यकाल के आखिरी दिन एक्सटेंशन मिल गया था। लेकिन श्रीनिवास राव के मामले में सरकार की तरफ से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला। इसके बाद नए नाम को लेकर कसरत तेज हो गई थी।

29 मई की शाम को संभाल सकते हैं कार्यभार

कैलेंडर के हिसाब से 30 और 31 मई को सरकारी छुट्टी (शनिवार और रविवार) है। इस वजह से वी. श्रीनिवास राव 29 मई को ही अपने पद से कार्यमुक्त हो जाएंगे। माना जा रहा है कि आदेश जारी होते ही 1994 बैच के तेजतर्रार आईएफएस अफसर अरुण पांडेय 29 मई की शाम को ही नए वन बल प्रमुख का कार्यभार संभाल लेंगे। वर्तमान में अरुण पांडेय पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) और डेवलपमेंट जैसी बड़ी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

सीएम की मंजूरी के बाद जारी होगा आधिकारिक आदेश

डीपीसी की बैठक में अरुण पांडेय के नाम पर मुहर लगने के बाद अब आगे की फाइल तैयार कर ली गई है। यह फाइल पहले वन मंत्री के पास जाएगी और वहां से मुख्यमंत्री के अनुमोदन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की हरी झंडी मिलते ही सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अरुण पांडेय की नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ के जंगलों और वन्यजीवों के संरक्षण की कमान अब एक नए और अनुभवी अधिकारी के हाथों में जाने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *