NEET विवाद के बीच कर्नाटक में छात्रा की मौत, 92% लाने वाली भाग्यश्री ने की आत्महत्या

कलाबुर्गी। देशभर में NEET Exam को लेकर चल रहे विवाद और पेपर लीक की चर्चाओं के बीच कर्नाटक से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कलाबुर्गी जिले में मेडिकल की तैयारी कर रही एक छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं छात्रों के मानसिक दबाव को लेकर फिर बहस तेज हो गई है।

मृतक छात्रा की पहचान भाग्यश्री पाटिल के रूप में हुई है। भाग्यश्री ने हाल ही में सेकंड ईयर पीयू यानी 12वीं बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। परिवार और शिक्षकों को उससे काफी उम्मीदें थीं। वह मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए NEET की तैयारी कर रही थी।

परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से वह काफी तनाव में थी। खासतौर पर NEET Paper Leak और परीक्षा विवादों की खबरों के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। पिता राजशेखर पाटिल ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर थी और लगातार मेहनत कर रही थी। लेकिन परीक्षा व्यवस्था को लेकर चल रही खबरों ने उसे अंदर से तोड़ दिया।

हालांकि, पुलिस में दर्ज शिकायत में परिवार ने किसी व्यक्ति या संस्था को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

इस घटना ने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि Competitive Exams का दबाव छात्रों पर कितना भारी पड़ रहा है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि छात्रों की Mental Health पर भी गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

देश में लाखों छात्र हर साल NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में पेपर लीक, परीक्षा विवाद और रिजल्ट को लेकर अनिश्चितता का असर सीधे छात्रों के आत्मविश्वास पर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *