रमेश गुप्ता, भिलाई. छत्तीसगढ़ के भिलाई में बेरोजगारों को नौकरी का झांसा देकर लाखों की चपत लगाने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपी ने एक युवक को नौकरी दिलाने का लालच देकर करीब दो साल में साढ़े सात लाख रुपये ऐंठ लिए थे। भिलाई नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

6 महीने में जॉइनिंग लेटर का वादा कर लिए 7.50 लाख रुपये
भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि तालपुरी निवासी राजेंद्र कुमार बंछोर ने थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उनके परिचित अमनदीप सोढी ने उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।
आरोपी अमनदीप ने दावा किया था कि वह 6 महीने के भीतर जॉइनिंग लेटर (नियुक्ति पत्र) दिला देगा। इस झांसे में आकर पीड़ित ने साल 2022 से 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में आरोपी को कुल 7 लाख 50 हजार रुपये कैश दे दिए।
टालमटोल करता रहा आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा
रकम लेने के बाद जब लंबा समय बीत गया, तो न तो नौकरी मिली और न ही आरोपी ने पैसे वापस किए। पीड़ित जब भी अपने पैसे मांगता, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता। आखिर में खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया। जाँच के दौरान जब धोखाधड़ी के पुख्ता सबूत मिले, तो पुलिस ने दबिश देकर आरोपी अमनदीप सोढी (36 वर्ष), निवासी धनोरा (दुर्ग) को धर दबोचा। पुलिस ने लेनदेन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं।
भिलाई नगर पुलिस की अपील: झांसे में न आएं
“नौकरी लगाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आम नागरिक ऐसे ठगों से सावधान रहें। किसी भी विभाग में भर्ती की जानकारी उसकी आधिकारिक वेबसाइट से ही लें। नौकरी के लिए किसी को भी मोटी रकम न दें।”
— जितेंद्र वर्मा, थाना प्रभारी भिलाई नगर