उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी का कहर, 24 मई तक हीटवेव का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 24 मई तक 10 राज्यों में हीटवेव का असर जारी रहेगा। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं।

सोमवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में तेज लू चली। कई शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। देश में सबसे ज्यादा गर्म उत्तर प्रदेश का बांदा जिला रहा, जहां पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पंजाब के बठिंडा में 47 डिग्री, महाराष्ट्र के वर्धा में 46.5 डिग्री और हरियाणा के सिरसा में 46.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ और पिलानी में भी तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और कमजोरी की शिकायतें बढ़ सकती हैं।

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों को छोड़ दें तो देश के लगभग आधे हिस्से में हीटवेव का असर बना रहेगा। कई इलाकों में औसत तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ कमजोर है, जिसकी वजह से उत्तर भारत में गर्म हवाएं लगातार चल रही हैं। आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

बढ़ती गर्मी का असर बिजली और पानी की मांग पर भी दिखने लगा है। कई शहरों में बिजली खपत रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है। वहीं ग्रामीण इलाकों में पानी की समस्या भी बढ़ने लगी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *