रायपुर। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में सुबह-सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक जब आज सुबह सैर पर निकले थे, तब एक शातिर बाइक सवार उनका मोबाइल छीनकर रफूचक्कर हो गया। हालांकि, वीआईपी से जुड़े इस मामले में रायपुर पुलिस ने गजब की मुस्तैदी दिखाई और महज 8 घंटे के भीतर घेराबंदी करके आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया वीआईपी मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
घटना आज सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे की है। विधायक धरमलाल कौशिक अपने शासकीय निवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जैसे ही वह पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और तेज रफ्तार में फरार हो गया। इस हाई-प्रोफाइल लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की कई टीमों को तुरंत एक्टिव किया गया। पुलिस के आला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। आरोपी का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल से लेकर उसके भागने के संभावित रास्तों पर मौजूद सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के नेटवर्क को सक्रिय करने के बाद पुलिस आखिरकार आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही।
पकड़ा गया आरोपी महज 19 साल का युवक है, जिसका नाम मणिकांत ध्रुव है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है, जो फिलहाल रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजीव नगर में रह रहा था। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पार्ट-टाइम रैपिडो बाइक राइडर के रूप में भी काम करता है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने साफ किया है कि शहर में अपराध करने वाले किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी अपराधियों के खिलाफ ऐसी ही त्वरित व सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।