महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: विधायक सावित्री मंडावी ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा- “क्रूड ऑयल के नाम पर जनता को लूटकर निजी पेट्रोलियम कंपनियों को फायदा पहुंचा रही भाजपा”
जानधारा रिपोर्ट :अनूप वर्मा , चारामा 18 मई 2026
चारामा/। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (CPCC) के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर पूरे प्रदेश में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ चार-दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत हो चुकी है। इसी कड़ी में आज प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा द्वारा स्थानीय पेट्रोल पंपों पर जाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कच्चे तेल के आंकड़ों के साथ विधायक सावित्री मंडावी का बड़ा हमला
आंदोलन का नेतृत्व कर रही क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों का पूरा गणित सामने रखा। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को जनता की जेब पर डाका बताते हुए कहा:
”एक समय था जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें $140 से $148 प्रति बैरल के ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थीं। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने अपनी जनता पर बोझ नहीं बढ़ने दिया और देश में पेट्रोल-डीजल की कीमत 55 से 60 रुपये प्रति लीटर के आसपास बनाए रखी। डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत भी तब 55 रुपये के आसपास थी।”
विधायक मंडावी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए आगे कहा:
”आज भाजपा राज में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत $100 के आसपास है, तब देश में पेट्रोल-डीजल 100 रुपये के पार बिक रहा है। हद तो तब हो गई जब बीच के वर्षों में क्रूड ऑयल की कीमत गिरकर $50 प्रति बैरल से भी कम हो गई थी, लेकिन उस मंदी के दौर में भी केंद्र सरकार ने आम जनता को कोई राहत नहीं दी और न ही पेट्रोल की कीमतें कम कीं।”
निजी पेट्रोलियम कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप
श्रीमती मंडावी ने केंद्र सरकार और निजी कंपनियों की साठगांठ का पर्दाफाश करते हुए कहा कि कच्चे तेल के दाम कम होने का पूरा फायदा भारत सरकार अपनी चहेती प्राइवेट पेट्रोलियम कंपनियों की झोली भरने के लिए देती रही। और आज जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम थोड़े भी बढ़ते हैं, तो उसका पूरा बोझ तुरंत आम जनता पर डाल दिया जाता है। सीधे तौर पर पेट्रोल के दाम बढ़ाकर केवल और केवल पेट्रोलियम कंपनियों को बेतहाशा मुनाफा और लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब भी जनता महंगाई और बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दों पर जवाब मांगती है, तो केंद्र सरकार असली वजहों को छुपाने के लिए लोगों को अन्य विवादों में उलझा देती है और जनता पर महंगाई का बम फोड़ देती है।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों से संवाद: सप्लाई ठप होने से किसान बेहाल
प्रदर्शन के दौरान विधायक सावित्री मंडावी, मंडल समिति के अध्यक्षों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और वहां आए उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया। इस बातचीत में जमीन स्तर की बेहद चिंताजनक स्थिति सामने आई:
ईंधन की भारी किल्लत: पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में पेट्रोल और डीजल की खेप समय पर पंपों तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे सप्लाई चेन पूरी तरह ठप हो गई है।
खेती-किसानी पर सीधा असर: डीजल की कमी के कारण पंपों पर किसानों को बेहद सीमित और कम मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है। इसका सीधा असर कृषि कार्यों पर पड़ रहा है। ट्रैक्टर और अन्य कृषि यंत्र न चल पाने के कारण किसान समय पर अपने खेतों का काम नहीं निपटा पा रहे हैं। दूर-दराज के गांवों से आने वाले किसानों को कम ईंधन मिलने के कारण लंबी दूरी तय करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
गैस की समस्या के बाद अब डीज़ल पेट्रोल :
डीजल पेट्रोल के पहले से लोगों को गैस की किल्लतो का सामना करना पड़ रहा है, लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही जिससे लोगों के घर की खाने पीने की पूरी स्थिति बिगड़ी हुई है। इस सरकार ने लोगों को अच्छे दिन का सपना तो दिखाया, लेकिन जिस दिन से सरकार सत्ता पर बैठी है बस लोगों को लाइन में खड़े करने के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी को भी तहस नहस करने का काम किया है।
इस दौरान भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी, जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव,कौशल्या शोरी ब्लॉक प्रभारी कांग्रेस,गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़ के पूर्व सदस्य नरेन्द्र यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हिरवेन्द्र साहू, लोकेश किरी, पुरुषोत्तम गजेंद्र, यशवंत नायक तथा युवक कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष महेन्द्र नायक प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही नगर पंचायत चारामा के अध्यक्ष भुनेश्वर नागराज, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मंजू सोनकर, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ तारम, रानू कामलेश सेन, देवेन्द्र सोनी, अमृत देवांगन, सोपसिंग आंचला, देवानंद कोरेटी, सत्तार खान, रवि लाल नायक, संतोष शिंदे, अंजू नाग, प्रेमलता सुकदेवे, चन्द्रिका छोटी चौहान, कविता साहू, बिसमत नरेटी, के.एल. मरकाम, किशोर नेताम, शंकर सिन्हा, सुभाष सोनकर, विनोद साहू, बेलाराम साहू, दिनेश राठौर, राम गावड़े, सुरेंद्र साधवानी, सुधांशु पाण्डेय, रवि मंगतानी, सूरज नरेटी सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे। बता दें कि कांग्रेस का यह चरणबद्ध आंदोलन 20 मई तक लगातार जारी रहेगा, जिसके तहत अगले दिनों में किराना और सराफा बाजारों में भी बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।