बारिश से पहले नालों की सफाई में तेजी, आयुक्त मिश्रा का सघन निरीक्षण

रायपुर। मानसून से पहले शहर में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने जोन अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नालों की सफाई कार्य में तेजी लाई जाए और बड़े नालों में जरूरत पड़ने पर पोकलेन मशीनों का उपयोग कर कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त मिश्रा ने जोन-8 अंतर्गत उदया सोसायटी और टाटीबंध क्षेत्र का जायजा लिया। यहां गंदे पानी की निकासी में समस्या देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सर्वे कर नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और डीपीआर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर तत्काल सफाई और निकासी व्यवस्था सुधारने को कहा। टाटीबंध ढांचा भवन और बिजली ऑफिस लाइन क्षेत्र में भी उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (NHAI) को पत्र लिखकर नाले के चौड़ीकरण एवं निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए निर्देश जारी किए। आयुक्त ने जोर देकर कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि बारिश आने से पहले स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।जोन-1 के मुर्राभट्ठी, गुड़ियारी दही हांडी मैदान के पास वाले नाले और गोगांव नाले की सफाई कार्य का भी उन्होंने निरीक्षण किया। जोन-2 के रजबंधा मैदान, सुभाष नगर, मौदहापारा, चारमुहा नाला और डब्ल्यूआरएस नाले की सफाई की प्रगति की समीक्षा की गई।

आयुक्त संबित मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले 4 से 5 दिनों के अंदर सभी प्रमुख नालों की सफाई पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि बारिश के दौरान जलभराव से शहरवासियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।लगभग साढ़े तीन घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त (स्वास्थ्य), सभी जोन कमिश्नर और कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे। आयुक्त मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि बारिश पूर्व तैयारियों को गंभीरता से लिया जाए और फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी रखी जाए।यह निरीक्षण शहर को जलभराव मुक्त बनाने की दिशा में आयुक्त की सक्रिय भूमिका को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *