16 लाख की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा बास्केटबॉल ग्राउंड के लिए हुआ भूमि पूजन
राजकुमार मल
भाटापारा- बेहतर शैक्षणिक माहौल और खेल सुविधाएं न केवल छात्रों तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक हैं बल्कि मजबूत सामाजिक व्यवस्था के लिए भी जरूरी हैं। उक्त विचार नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने व्यक्त किये। श्री शर्मा इतवारी राम यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अतिरिक्त कक्ष एवं बास्केटबॉल ग्राउंड निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

किसी भी क्षेत्र का विकास वहां की शैक्षणिक एवं सामाजिक व्यवस्था की मजबूती पर निर्भर करता है। भाटापारा नगर क्षेत्र, इन सभी जरूरी व्यवस्था को और भी अधिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर अवसर लगातार मिलते रहें इसके लिए शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं की ओर निरंतर ध्यान दे रही है प्रदेश सरकार। श्री शर्मा ने आगे कहा कि विद्यार्थियों तथा युवा खिलाड़ियों को शिक्षा एवं खेल सुविधाएं देना नगर के उज्जवल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंजूर हुए 16 लाख
इतवारी राम यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष एवं सर्व सुविधायुक्त बास्केटबॉल ग्राउंड के लिए प्रदेश सरकार ने 16 लाख रुपए की मंजूरी दी है। भूमि पूजन के बाद शीघ्र शुरू होने वाले निर्माण कार्य समय पर पूरे हों, इसका विशेष ध्यान रखने का आश्वासन पालिका अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने दिया है साथ ही गुणवत्ता पर कड़ी नजर रखने की भी बात कही है।

साकार हुआ सपना
पांच दशक पूर्व मुरुम के मैदान में बास्केटबॉल की शुरुआत हुई थी। तब के चर्चित युवा खेल प्रतिभा सुधीर भाटे के नेतृत्व में बास्केटबॉल के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी वरिष्ठ खिलाड़ियों ने उठाई थी। समय-समय पर श्री भाटे, न केवल सही प्रशिक्षण के टिप्स देते थे बल्कि मैदान का सूक्ष्मता के साथ निरीक्षण भी करते थे। उनकी ही मेहनत और समर्पण का नतीजा है, जिससे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाएं यहां तैयार हुईं और देश स्तर पर शहर का नाम बास्केटबॉल खेल में रोशन किया। श्री भाटे के निधन के पांच दशक बाद अब सर्व सुविधायुक्त बास्केटबॉल ग्राउंड बनने जा रहा है। पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा व पालिका अध्यक्ष अश्विनी शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित कर रहा है शहर और आभारी हैं शहर के बास्केटबॉल खिलाड़ी।
ये रहे उपस्थित
शहर के वरिष्ट खिलाड़ी गिरीश वाढ़ेर,राजकुमार मल,अरुण गुप्ता,आलोकगुप्ता,प्रतिमा अवस्थी,यास्मीन अफरोज,रवि गुप्ता,दिपक मल, रुपेश माखिजा,शरद पंसारी,अमित तिवारी, समी अहमद, पार्षद मनीष मिश्रा,सुरेश मंधान,गोविंद पटेल,नंदू वैष्णव,सतीष तलरेजा, शाला विकास समीति अध्यक्ष आनंद शर्मा आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे