रायपुर: राजधानी के पॉश इलाके शंकर नगर में बुधवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक सड़क किनारे लगे एक ऊंचे होर्डिंग पर जा चढ़ी। करीब 40 मिनट तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और स्थानीय लोगों की सांसें अटका दीं। गनीमत रही कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सड़क पर लगा लंबा जाम, नीचे बिछाई गई जाली यह पूरी घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। चश्मदीदों के मुताबिक, युवती अचानक होर्डिंग के खंभे के सहारे करीब 35 फीट ऊपर पहुंच गई। उसे ऊपर देख नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने युवती को उतारने के लिए बड़ी सीढ़ी लगाई। सुरक्षा के लिहाज से नीचे एक बड़ी जाली भी बिछाई गई थी, ताकि अगर युवती गिरे तो उसे चोट न आए।
मशक्कत के बाद आई नीचे पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक युवती को समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कोशिश की। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ा। युवती को नीचे उतारते ही पुलिस उसे सुरक्षा के मद्देनजर सीधे थाने ले गई।
वजह पूछने पर बोली- ‘कोई परेशानी नहीं है’ जब युवती से इस हरकत की वजह पूछी गई, तो उसका जवाब सुनकर हर कोई हैरान रह गया। युवती का कहना था कि उसे कोई परेशानी नहीं है और वह बस ऐसे ही ऊपर चढ़ गई थी। हालांकि, युवती की बातों और व्यवहार से लग रहा है कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। पुलिस अब युवती के परिजनों का पता लगाने की कोशिश कर रही है ताकि उसे सुरक्षित घर भेजा जा सके।
फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह कहां की रहने वाली है और शंकर नगर कैसे पहुंची। इस घटना ने शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।