बस्तर से बंगाल तक अद्भुत नेतृत्व कौशल के लिये अमित शाह का आभार- लक्ष्मी वर्मा
राजकुमार मल
भाटापारा- दिल्ली प्रवास के दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भेंट कर विभिन्न समसामयिक, संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की। यह भेंट अत्यंत आत्मीय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें राष्ट्रहित, सुशासन, संगठन की कार्यसंस्कृति एवं छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने पश्चिम बंगाल जैसे लोकतंत्र के लिए चुनौतीपूर्ण एवं जटिल राजनीतिक परिवेश में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय एवं पहली बार सरकार गठन हेतु अमित शाह को बधाई एवं शुभकामनाएं दी,वही उन्होंने असम एवं पुडुचेरी में मिली उल्लेखनीय राजनीतिक सफलता के लिए भी उनका अभिनंदन करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह के कुशल नेतृत्व, संगठन की मजबूत कार्यशैली तथा राष्ट्रहित आधारित राजनीति की विजय बताया।
श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने इस अवसर पर एक साधारण कार्यकर्ता एवं बूथ स्तर से संगठन में सक्रिय रूप से कार्य करने वाली कार्यकर्ता पर विश्वास व्यक्त कर राज्यसभा सांसद जैसे महत्वपूर्ण दायित्व हेतु चयन किए जाने पर अमित शाह के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता आधारित कार्यसंस्कृति, समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति नेतृत्व के विश्वास एवं संगठन की लोकतांत्रिक परंपरा का जीवंत उदाहरण है।
भेंट के दौरान बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के विरुद्ध केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रभावी अभियान एवं उसके सकारात्मक परिणामों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। श्रीमती वर्मा ने कहा कि वर्षों से बस्तर के विकास में बाधक बने नक्सलवाद जैसे गंभीर संकट को समाप्त करने हेतु केंद्र सरकार द्वारा दृढ़ इच्छाशक्ति एवं रणनीतिक नेतृत्व के साथ किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। इन प्रयासों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, विश्वास एवं विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं, जिसका लाभ सीधे तौर पर आम जनता को मिल रहा है। वर्मा ने छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित विभिन्न विकासोन्मुखी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों के हित, आदिवासी क्षेत्रों के विकास एवं प्रदेश की आम जनता से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों से भी शाह को अवगत कराया । इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का नेतृत्व राष्ट्रहित, सुशासन, सुरक्षा एवं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के प्रति पूर्णतः समर्पित है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के लिए निरंतर प्रेरणास्रोत है। इस आत्मीय भेंट एवं प्राप्त मार्गदर्शन को उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं ऊर्जा प्रदान करने वाला क्षण बताया।