सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए सड़क पर स्टंट करना पड़ा भारी, वायरल वीडियो देख भिलाई पुलिस ने 2 युवकों को दबोचा

रमेश गुप्ता
भिलाई… सोशल मीडिया रील बनाने का शौक दो युवकों को भारी पड़ गया। रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर रील बना रहे दो युवकों पर छावनी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
व्हाट्सएप पर वायरल हुआ वीडियो
थाना छावनी प्रभारी अमित अदानी ने बताया कि पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें पावर हाउस बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर युवक तेज गति और लापरवाही से बाइक चलाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में युवक इंस्टाग्राम रील बनाते हुए सड़क पर स्टंट करते नजर आए, जिससे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।
पुलिस ने तुरंत की पहचान
वीडियो मिलते ही छावनी पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही समय में दोनों युवकों की पहचान कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आकाश पाण्डेय और रितेश साहू बताए। दोनों प्रगति नगर, नेहरू चौक, कैम्प-01 भिलाई के निवासी हैं।
खतरनाक स्टंट पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी आकाश पाण्डेय के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/2026 और रितेश साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 308/2026 दर्ज किया है। दोनों के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बाइक और बुलेट वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल और बुलेट वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह की हरकतें गंभीर हादसों का कारण बन सकती हैं।
सोशल मीडिया की सनक बन रही खतरा
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए युवा सड़क पर स्टंट और खतरनाक ड्राइविंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस का मानना है कि ऐसे वीडियो न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा पैदा करते हैं।
एडिशनल एसपी की अपील
सुखनंदन राठौर ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया रील बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट या लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *