बंगाल में नए युग की शुरुआत: आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता.

पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी आज 9 मई को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।

इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिहाज से कोलकाता पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। ब्रिगेड परेड मैदान और उसके आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने सुचारू व्यवस्था के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। कोलकाता और उसके आसपास मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। एस्प्लेनेड रैंप, खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड और क्वींस वे जैसे प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात सीमित रहेगा। वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही को देखते हुए कई स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

शुभेंदु अधिकारी सुबह 11 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी औपचारिक न्योता भेजा गया है। सत्ता परिवर्तन के इस बड़े मौके पर सुरक्षा और प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि समारोह बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। आम जनता को जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

i

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *