नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। नए CDS के रूप में पदभार संभालने के साथ ही राजा सुब्रमणि सैन्य मामलों के विभाग (DMA) के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि का सैन्य करियर बेहद शानदार और अनुभवपूर्ण माना जाता है। वर्तमान में वह राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह सेना के उपप्रमुख और मध्य कमान के जीओसी-इन-सी जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
रक्षा मामलों के जानकारों के अनुसार उनकी नियुक्ति भारतीय सेना में थिएटर कमांड व्यवस्था और तीनों सेनाओं के बेहतर एकीकरण की प्रक्रिया को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। केंद्र सरकार लंबे समय से सेना के आधुनिकीकरण और संयुक्त सैन्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि ने नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA), जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, यूनाइटेड किंगडम और नेशनल डिफेंस कॉलेज, नई दिल्ली से सैन्य शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर डिग्री भी हासिल की है। दिसंबर 1985 में उन्हें गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था।
इसी बीच केंद्र सरकार ने भारतीय नौसेना के लिए भी बड़ा फैसला लिया है। वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह 31 मई को पदभार संभालेंगे और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।
सरकार के इन फैसलों को देश की सैन्य नेतृत्व संरचना को मजबूत करने और रक्षा रणनीति को नई दिशा देने के तौर पर देखा जा रहा है।