रायपुर में IPL मुकाबलों को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, स्टेडियम में कई सामानों पर प्रतिबंध..

रमेश गुप्ता रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले आईपीएल 2026 मुकाबलों को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। आगामी 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। मैचों को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पुलिस एवं आयोजन समिति ने दर्शकों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम के भीतर कई वस्तुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इन सामानों को स्टेडियम के अंदर ले जाने पर रोक
स्टेडियम परिसर में शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा-तंबाकू, माचिस, लाइटर और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा बोतल, डिब्बे, टिफिन, कांच के कंटेनर तथा बाहरी खाद्य सामग्री भी अंदर नहीं ले जाई जा सकेगी।
सुरक्षा कारणों से चाकू, कटार, तलवार, कैंची, धारदार वस्तुएं, पटाखे, आग्नेयास्त्र एवं अन्य खतरनाक सामान प्रतिबंधित किए गए हैं। वहीं कुर्सी, स्टूल, छाता, स्केट बोर्ड, रोलर, हॉकी स्टिक, झंडे की लकड़ी, वाद्य यंत्र और लाउड हेलर जैसे सामान भी स्टेडियम में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
दर्शकों को लैपटॉप, हैंडीकैम, लेजर लाइट, फ्लैश लाइट, परफ्यूम स्प्रे, सिरिंज, पेन-पेंसिल, खिलौना गेंद, सीटी, हॉर्न, रेडियो, प्रचार सामग्री और सिक्के ले जाने से भी रोका गया है। इसके साथ ही हैंड बैग, सूटकेस, बड़े लेडीज बैग एवं बैकपैक पर भी प्रतिबंध रहेगा।
समय से पहले पहुंचने की अपील
प्रशासन ने दर्शकों से मैच शुरू होने से काफी पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की है, ताकि सुरक्षा जांच में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की जाएगी तथा केवल वैध टिकट और पहचान पत्र वाले दर्शकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
यातायात डीएसपी गुरजीत सिंह ने बताया कि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया जाएगा। स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पार्किंग व्यवस्था के लिए अलग-अलग जोन निर्धारित किए गए हैं।
आईपीएल मुकाबलों को लेकर रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *