अम्बिकापुर जिले के सुदूर वनांचल और पहाड़ी कोरवा बसाहटों में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के बाद सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में 113 हैंडपंप और बोरवेल खनन की स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को पेयजल के पारंपरिक और असुरक्षित स्रोतों से मुक्ति दिलाना है।
कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से इन कार्यों के लिए बजट जारी कर दिया है। योजना के तहत लुण्ड्रा में 34, लखनपुर में 22, मैनपाट में 20, सीतापुर में 16, अम्बिकापुर में 11, बतौली में 06 और उदयपुर में 04 हैंडपंप लगाए जाएंगे। सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि खनन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। शासन की इस संवेदनशीलता से वनांचल के हजारों ग्रामीणों को भीषण गर्मी में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।