राजधानी में डबल मर्डर का आरोपी जीजा गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्टल से सगी सालियों को उतारा मौत के घाट, पढ़े इनसाइड स्टोरी

रमेश गुप्ता रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने अपनी दो साली पर गोली चलाकर उनकी जान ले ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे मोवा के सुंदरीपारा क्षेत्र में हुई। आरोपी जितेन्द्र कुमार वर्मा अपनी पत्नी से पारिवारिक विवाद के चलते नाराज था। उसकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से मायके में रह रही थी।
घटना की रात आरोपी ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्ची से मिलने की बात करने लगा। इस दौरान घर के अन्य सदस्यों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
इस फायरिंग में उसकी साली गीतांजली वर्मा (उर्फ जया) और दुर्गेश्वरी वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मामले में दर्ज अपराध
थाना पंडरी में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 103 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *