जिला पंचायत अध्यक्ष ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
बिलासपुर, 5 मई 2026/ खरीफ सीजन से पहले किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, शासकीय योजनाओं एवं कृषि नवाचारों की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा संचालित “विकसित कृषि संकल्प अभियान-2026” का जिले में आज शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर सहित अधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।
यह अभियान 5 मई से 20 मई तक सुशासन शिविरों और जिले के सभी विकासखंडों और ग्रामों में संचालित होगा। अभियान के तहत किसानों को धान की उन्नत खेती पद्धतियों जैसे लाइन सॉइंग, डीएसआर और रिज-फरो पद्धति की जानकारी दी जाएगी। साथ ही दलहन, तिलहन, मक्का एवं लघु धान्य जैसी वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं से जोड़ने, ई केवाईसी एवं फार्मर आईडी बनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। ड्रोन तकनीक, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और पराली न जलाने के संबंध में भी जागरूकता दी जाएगी। जिले के प्रत्येक विकासखंड में गठित टीमें गांव-गांव पहुंचकर किसान संवाद, शिविर एवं समस्याओं के समाधान का कार्य करेंगी। कलेक्टर अग्रवाल ने किसानों से अभियान का लाभ उठाकर आधुनिक खेती अपनाने की अपील की।