चावल महोत्सव और आवास दिवस के साथ होंगी विविध गतिविधियां
जनभागीदारी बढ़ाने, लंबित समस्याओं के निराकरण और आजीविका संवर्धन पर रहेगा विशेष फोकस
कोरिया,03 मई, 2026/
कोरिया जिले में आगामी 7 मई को समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम रोजगार दिवस का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए इन आयोजनों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
इस आयोजन के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य ग्रामीण विकास को गति देना और आमजन को योजनाओं से सीधे जोड़ना है।
सुशासन तिहार के तहत शत-प्रतिशत निराकरण पर जोर
राज्य शासन द्वारा संचालित ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम पंचायत स्तर पर ही मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर इन समस्याओं को विकासखंड या जिला स्तर पर ले जाकर उनका शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
आवास निर्माण की समयबद्ध पूर्णता
रोजगार सह आवास दिवस के दौरान स्वीकृत सभी आवासों को अधिकतम 90 दिनों के भीतर पूर्ण कराने हेतु कार्ययोजना बनाई जाएगी। साथ ही हितग्राहियों को उनके खाते में हस्तांतरित राशि की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को निर्माण सामग्री आपूर्ति एवं अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने और लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रोजगार दिवस के अवसर पर 15 ग्राम पंचायतों में ‘नवा तरिया – आय के जरिया’ अभियान के तहत नए तालाबों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों को मई माह में पूर्ण करने और मांग आधारित नए कार्य प्रारंभ करने पर भी चर्चा की जाएगी।
ग्राम पंचायतों में ‘आजीविका डबरी’ के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। महिलाओं को प्रोत्साहित करने हेतु सूचना पटल पर परिवार की महिला सदस्य का नाम अंकित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
7 मई को सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित जानकारी QR कोड के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस आयोजन को जनहितकारी और परिणाममुखी बनाते हुए ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।