कांकेर। शनिवार को मरकाबेड़ा-आदनार के जंगलों में विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय करने के दौरान हुए भीषण बम विस्फोट में डीआरजी के चार जवान निरीक्षक सुखराम वट्टी, आरक्षक कृष्णा कोमरा, आरक्षक संजय गढ़पाले और आरक्षक परमानंद कोर्राम शहीद हो गए।
इस हृदयविदारक घटना के बाद रविवार सुबह 10 बजे कांकेर स्थित एसपी कार्यालय में शहीद जवानों को अंतिम सलामी दी गई। शहीदों के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर, एसडीएम सहित जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से वीर जवानों को अंतिम विदाई दी और उनके अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया।
अंतिम सलामी के बाद शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस घटना से पूरे जिले में शोक की लहर है। शहीद जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, बहादुरी और देश सेवा के प्रति समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा।