बिलासपुर: जनगणना ड्यूटी पर तैनात शिक्षक से तीन बार मारपीट, आरोपी ने आईडी कार्ड और शर्ट फाड़ी

बिलासपुर।

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। बिल्हा ब्लॉक के ग्राम घोघरा में शनिवार सुबह जनगणना की जानकारी लेने पहुंचे शिक्षक नेतराम पैकरा पर गांव के एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी निर्मल सतनामी ने न केवल शिक्षक के साथ बदसलूकी की, बल्कि उन्हें तीन बार पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना उस समय हुई जब शिक्षक नेतराम पैकरा मकान नंबर 141 के पास जानकारी जुटा रहे थे। आरोपी ने उनका रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। शिक्षक ने तहसीलदार द्वारा जारी अपना आईडी कार्ड भी दिखाया, लेकिन आरोपी ने उसे फर्जी बताते हुए फाड़ दिया और शिक्षक की शर्ट भी फाड़ दी। जान बचाकर पंचायत भवन पहुंचे शिक्षक का आरोपी ने चुराघाट तक पीछा भी किया। इस घटना के बाद से शिक्षा जगत में गहरा आक्रोश है।

प्रशासनिक और शिक्षा अधिकारियों के निर्देश पर शिक्षक ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी निर्मल सतनामी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं ताकि सरकारी कर्मचारी पर हमले के मामले में सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *