उज्जैन के कथावाचक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज

उज्जैन, 1 मई 2026। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक कथावाचक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां दी गई हैं। महाकाल थाना क्षेत्र में रहने वाले रामस्वरूप ब्रह्मचारी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, रामस्वरूप ब्रह्मचारी ने 27 मार्च 2026 को राम नवमी के अवसर पर हैदराबाद में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम और शोभायात्रा में भाषण दिया था। अपने संबोधन में उन्होंने लव जिहाद, धर्मांतरण और गौ हत्या जैसे मुद्दों पर खुलकर विचार रखे थे और इनके खिलाफ आवाज उठाने की बात कही थी। कार्यक्रम में कई प्रमुख धार्मिक और सामाजिक हस्तियां भी मौजूद थीं।

बताया जा रहा है कि उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें निशाना बनाया जाने लगा। खासतौर पर इंस्टाग्राम आईडी @dr_taha_cheemaa सहित कुछ अन्य प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा किए गए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त सोशल मीडिया अकाउंट्स से उन्हें “सर तन से जुदा” करने की धमकी दी गई, साथ ही ऐसा करने वाले को लाखों रुपये इनाम देने की बात भी कही गई।

एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स, वायरल वीडियो और पोस्ट्स की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *