भाटापारा नगर पालिका में 15 करोड़ का बजट पास: नारी शक्ति वंदन पर निंदा प्रस्ताव और विकास के बड़े फैसले

नगर पालिका परिषद भाटापारा सामान्य सभा (परिषद) की बैठक में “नारी शक्ति वंदन विधेयक पर निंदा प्रस्ताव पारित”, ₹15 करोड़ का ऐतिहासिक बजट ,नगर विकास को लेकर महत्वपूर्ण फैसले एवं जनहित मुद्दों पर मंथन

राजकुमार मल

भाटापारा- दिनांक 30 अप्रैल, 2026 को नगर पालिका परिषद भाटापारा के कार्यालय भवन में अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में दो महत्वपूर्ण बैठकों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रथम चरण में प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक पीआईसी (PIC) की बैठक संपन्न हुई, तत्पश्चात अपराह्न 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक सामान्य सभा (परिषद) की बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में नगर के विकास, जन-सुविधाओं एवं जनहित से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

राजनीतिक एवं सामाजिक प्रस्ताव
बैठक में 131वें संविधान संशोधन विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023) के संसद में अद्यतन तक पारित न होने पर गहरी चिंता व्यक्त की परिषद द्वारा 131वें संविधान संशोधन विधेयक, जिसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के रूप में जाना जाता है, के संसद में पारित नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाते हुए बहुमत से ‘निंदा प्रस्ताव’ पारित किया गया। इस प्रस्ताव के माध्यम से परिषद ने महिलाओं को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के विषय पर अपनी स्पष्ट प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट — सर्वसम्मति से पारित
बैठक का सर्वाधिक महत्वपूर्ण एजेंडा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुतिकरण रहा। परिषद के समक्ष ₹15 करोड़ का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे समस्त सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृत किया। इस बजट में नगर के बुनियादी ढाँचे के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल एवं जन-सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया गया है।

पेयजल एवं जल प्रबंधन
नगर में सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निम्नलिखित निर्णय लिए गए:
15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संत रविदास वार्ड (वार्ड क्र. 21) में ₹152.25 लाख की अनुमानित लागत से आर.सी.सी. पानी टंकी निर्माण को वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।
ग्रीष्म ऋतु में उत्पन्न होने वाली पेयजल संकट की स्थिति से निपटने हेतु ₹70.00 लाख की विशेष कार्ययोजना जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) को प्रेषित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 एवं स्टार रेटिंग के अंतर्गत निर्धारित कार्यों के सम्पादन हेतु ₹157.37 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई।
पटपर तालाब एवं अवेरेठी तालाब के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए प्राप्त न्यूनतम निविदा दरों को परिषद की स्वीकृति मिली।

नगर व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना
नगर में साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं आवश्यक सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से 151 कर्मचारियों की नियुक्ति हेतु वार्षिक निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
गजानंद अग्रवाल महाविद्यालय परिसर में निर्मित ऑडिटोरियम के सुव्यवस्थित प्रबंधन एवं सामुदायिक उपयोग के संदर्भ में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
नवीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी का स्वागत
बैठक के दौरान समस्त पार्षदगण द्वारा नवीन पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी का हार्दिक स्वागत एवं परिचय कराया गया तथा परिषद के साथ सामंजस्यपूर्ण कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की गई।

अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का वक्तव्य
बैठक की समाप्ति पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने उपस्थित पार्षदगण एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा:
” नारी शक्ति वंदन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर परिषद का यह रुख समाज में समानता और सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है आज का बजट और लिए गए निर्णय भाटापारा को एक स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। पेयजल और स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए परिषद पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि भाटापारा का हर नागरिक एक बेहतर जीवन जिए और इसके लिए हम सभी मिलकर अथक परिश्रम करते रहेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *