रमेश गुप्ता भिलाई। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी विभिन्न विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करता था और लोगों से मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया उपासना देशमुख निवासी तितुरडीह की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी (34 वर्ष), निवासी हुडको भिलाई, ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और भिलाई स्टील प्लांट में नौकरी लगवाने का झांसा देकर अलग-अलग समय में कुल 16 लाख 15 हजार रुपये की ठगी की।
आरोपी द्वारा पीड़ितों को विश्वास में लेने के लिए फर्जी जॉइनिंग लेटर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दिए जाते थे। इस मामले में चार लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 212/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान कर 29 अप्रैल 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में फर्जी दस्तावेज बनाकर ठगी करना सामने आया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, कूटरचित दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने सेक्टर-09 स्थित इंडियन कॉफी हाउस सेक्टर 09 भिलाई, हुडको भिलाई और रायपुर मंत्रालय सहित अन्य स्थानों पर लोगों से मुलाकात कर उन्हें झांसा दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का मुख्य उद्देश्य नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर धन अर्जित करना था।
नौकरी दिलाने के नाम पर 16 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

30
Apr