राजनांदगांव। जिले में इस वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और शिक्षकों के साझा प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
रिजल्ट में 21 प्रतिशत तक का बड़ा उछाल कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने बताया कि जिले में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 89.41 प्रतिशत रहा, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में करीब 21 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, कक्षा 12वीं का परिणाम 87.56 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल से 5.31 प्रतिशत अधिक है।

फर्स्ट डिवीजन आने वाले छात्रों की संख्या बढ़ी आंकड़ों के अनुसार, इस साल प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या में भी भारी इजाफा हुआ है। 10वीं में प्रथम श्रेणी के छात्र 3908 से बढ़कर 5614 हो गए हैं, जबकि 12वीं में यह आंकड़ा 3842 से बढ़कर 4888 तक पहुंच गया है। तृतीय श्रेणी के छात्रों की संख्या में कमी आना जिले में शिक्षा की बढ़ती गुणवत्ता का प्रमाण है।

सफलता के पीछे रहे ये खास प्रयास कलेक्टर ने इस सफलता का श्रेय जिले में किए गए विभिन्न नवाचारों को दिया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन कक्षाओं, आवासीय कोचिंग, साप्ताहिक मूल्यांकन और ‘विनोबा एप’ के जरिए शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति की कड़ी निगरानी की गई। इसके अलावा करियर काउंसलिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट (NEET) और जेईई (JEE) के प्रति भी छात्रों को प्रोत्साहित किया गया।
इस सम्मान समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल, डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: केएस ठाकुर