उन्नाव-रायबरेली। मार्ग पर बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाले सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। मासूम बच्चे का मुंडन कराने चंडीदेवी मंदिर जा रहे एक ही परिवार के सदस्यों से भरी तेज रफ्तार बोलेरो ओवरटेक करने के चक्कर में दो ट्रकों के बीच पीस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सड़क किनारे छह फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दिल दहला देने वाली घटना में पांच महिलाओं और ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चश्मदीदों के मुताबिक मंजर इतना खौफनाक था कि एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया और सड़क पर क्षत-विक्षत शवों का ढेर लग गया।
लाशों के ढेर में तब्दील हुई खुशियां: सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान, दो मासूमों की हालत बेहद नाजुक
हादसे की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो में सवार कुल 11 लोगों में से छह की मौत हो चुकी है जबकि दो बच्चों समेत पांच अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन ने सभी गंभीर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और फरार ट्रक ड्राइवरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मरने वालों में देवरानी-जेठानी, उनकी दो बेटियां और एक पड़ोसी महिला शामिल हैं, जिनके परिवारों में इस वक्त मातम छाया हुआ है।
