चारामा (उत्तर बस्तर कांकेर) | छत्तीसगढ़ शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रम “बस्तर मुन्ने” (अग्रणी बस्तर) को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। एनसीएईआर (NCAER) सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए विकासखंड चारामा में व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
1 से 20 मई तक चलेगा महा-अभियान
विकासखंड चारामा के सभी 64 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 97 गांवों में आगामी 1 मई 2026 से 20 मई 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के सफल संचालन के लिए चारामा विकासखंड को 10 कलस्टरों में विभाजित किया गया है जिसमे
चारभाठा, डेढ़कोहका, लिलेझर, कोटतरा, पूरी, लखनपुरी, शाहवाडा, हल्बा, हराडुला और गोलगुम्हडा शामिल हैं.
एसडीएम ने दिए ‘100% सेचुरेशन’ के निर्देश
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री नरेंद्र बंजारा ने समीक्षा बैठक के दौरान 31 प्रमुख शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि:
पात्रता का लाभ: जो भी ग्रामीण योजना की पात्रता रखते हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से लाभान्वित किया जाए।
बुनियादी सुविधाओं का सत्यापन: गांवों में आंगनबाड़ी, अस्पताल, स्कूल और राशन दुकान सहित 14 प्रकार की सुविधाओं का भौतिक सत्यापन होगा।
प्राथमिकता वाले कार्य: प्रत्येक गांव से ऐसे 3 नए कार्यों को प्रस्तावित किया जाएगा जो ग्रामीणों के लिए अति महत्वपूर्ण हैं।
मैदानी समन्वय: पीठासीन अधिकारी, नोडल (सचिव/रोजगार सहायक) और सहायक नोडल (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) आपसी तालमेल से कार्य कर शिविर स्थल पर ही आवेदनों का निराकरण (Saturation) सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में जिम्मेदार अधिकारियों की रही मौजूदगी
समीक्षा बैठक में तहसीलदार सत्येंद्र शुक्ला, जनपद सीईओ गोपाल सिंह कंवर, विकासखंड नोडल विनोद नेताम और सहायक नोडल दिलदार मरकाम सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, वन विभाग, कृषि, जल संसाधन और लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कड़क संदेश: एसडीएम ने अधिकारियों को दो-टूक कहा है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुँचे और कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।
बस्तर मुन्ने शिविर: एसडीएम ने ली समीक्षा बैठक, चारामा के 97 गांवों में 1 मई से सजेगा शासन की योजनाओं का पंडाल

28
Apr