48 घंटे में 6वीं मौत से दहशत, खुर्सीपार में चाकूबाजी का शिकार युवक ने तोड़ा दम

लगातार वारदातों से कानून-व्यवस्था पर सवाल, एक और युवक की हालत गंभीर

रमेश गुप्ता भिलाई… दुर्ग पुलिस की लगातार अपराधियों के ऊपर शिकंजा कसने के बाद जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। बीते 48 घंटों में 5 हत्याओं के बाद अब एक और युवक की मौत ने हालात की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से जिले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार थाना क्षेत्र में जिस दिन विक्रम सोने की हत्या हुई थी, उसी दिन शाम को एक और युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में 26 वर्षीय रजत कुशवाहा, निवासी बालाजी नगर खुर्सीपार, गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के तुरंत बाद उसे भिलाई के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चाकू के वार से उसके पेट की नली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी।
लगातार उपचार के बावजूद रजत कुशवाहा जिंदगी की जंग हार गया और सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। वहीं, इस हमले में घायल दूसरा युवक अभी भी गंभीर हालत में इलाजरत है।
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इधर, जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों में असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *