पेयजल संकट पर पीएचई का स्पष्टीकरण- अधिकांश हैंडपंप चालू, योजनाओं का काम प्रगति पर

जल जीवन मिशन के कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा

कोरिया, 24 अप्रैल 2026/ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जिले में पेयजल समस्या के सम्बंध
विस्तृत प्रतिवेदन जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। विभाग ने बताया कि कई स्थानों पर समस्या अस्थायी थी, जिसे तत्काल सुधार लिया गया है, जबकि जल जीवन मिशन के अंतर्गत दीर्घकालिक समाधान के लिए कार्य प्रगति पर हैं।
विकासखण्ड बैकुंठपुर के ग्राम सलका के वार्ड क्रमांक 12 बसोर मोहल्ला में लगभग 20 घरों के लिए 10 हैंडपंप स्थापित हैं, जो वर्तमान में चालू स्थिति में हैं। विभाग के अनुसार, दो हैंडपंप खराब होने की सूचना मिली थी, जिसे 23 अप्रैल को सुधार कर पुनः चालू कर दिया गया है। संबंधित परिवार के घर के समीप ही पर्याप्त दूरी पर हैंडपंप उपलब्ध हैं, जिनसे पेयजल की आपूर्ति हो रही है।

ग्राम सलका में जल जीवन मिशन के तहत नरकेली समूह जलप्रदाय योजना के अंतर्गत कार्य किया जा रहा था, जिसे तकनीकी कारणों से निरस्त कर पुनः निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। इस योजना में कुल 24 गांव शामिल हैं और कार्यादेश जारी होने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर समय सीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।
इसी प्रकार, विकासखण्ड सोनहत के वनग्राम आनंदपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत एकल ग्राम योजना स्वीकृत है, जिसका लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। यह योजना कटगोडी समूह जलप्रदाय योजना का हिस्सा है, जिसमें कुल 35 गांव शामिल हैं। तकनीकी कारणों से कार्य निरस्त होने के बाद पुनः टेंडर प्रक्रिया जारी है।
ग्राम आनंदपुर में कुल 5 हैंडपंप स्थापित हैं, जिनमें से 4 चालू हैं, जबकि एक हैंडपंप जल स्तर कम होने के कारण बंद है। इसके अलावा गांव में एक सोलर ड्यूल पंप के माध्यम से भी जल आपूर्ति की जा रही है। विभाग ने बताया कि पण्डोपारा क्षेत्र में एक नए नलकूप खनन का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि पेयजल आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है और जहां भी समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल समाधान के साथ दीर्घकालिक योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *