शादी समारोह में बिन बुलाए पहुंची पुलिस, मंडप से दुल्हे को किया गिरफ्तार

भुवनेश्वर। ओडिशा के बौध जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब फेरे की रस्मों के बीच पुलिस ने मंडप से दूल्हे को हिरासत में ले लिया। दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहे दूल्हे पर आरोप है कि पहली पत्नी से कानूनी विवाद खत्म हुए बिना वह नया विवाह करने जा रहा था।

मामला बाउंसुनी थाना क्षेत्र स्थित जीरामुंडा मंदिर का है। दूल्हे की पहचान बलांगीर जिले के गंदबहाल गांव निवासी रुकमणा मेश्वा के रूप में हुई है। शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं, मंडप सजा था, मंत्रोच्चार चल रहा था और मेहमान भोज की तैयारी में जुटे थे। तभी अचानक पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को बेदी से उठाकर थाने ले गई।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दूल्हे की पहली पत्नी की शिकायत पर की गई। शिकायत में कहा गया कि उनका वैवाहिक विवाद अभी अदालत में लंबित है और कानूनी रूप से तलाक हुए बिना पति दूसरी शादी कर रहा है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दूल्हे को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित कार्रवाई से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और विवाह बीच में ही रुक गया।

मंडप से दूल्हे की गिरफ्तारी की खबर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *