रमेश गुप्ता दुर्ग । दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभिषेक शांडिल्य ने बुधवार को दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय एवं थाना मोहननगर का वार्षिक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों, लंबित प्रकरणों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी कार्यालय की शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों और प्रशासनिक कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाई जाए।

समन्वय और जवाबदेही पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान सभी सेक्शन प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यों के बेहतर समन्वय, स्पष्ट उत्तरदायित्व निर्धारण और प्रभावी निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। आईजी ने कहा कि प्रत्येक शाखा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समयबद्ध तरीके से करे, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
थाना मोहननगर में कानून व्यवस्था की समीक्षा
इसके बाद आईजी ने थाना मोहननगर का निरीक्षण किया, जहां कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता और जनसुनवाई प्रणाली की समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए और आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तनुप्रिया, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) सी.पी. तिवारी सहित एसपी कार्यालय एवं थाना मोहननगर तथा पुलगांव के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।