131 किमी सड़क निर्माण से दूरस्थ गांवों को मिलेगा पक्का रास्ता, 113 रुपये करोड़ से होगा विकास
कोरिया, 18 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को जशपुर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के तहत प्रदेशभर में सड़कों के निर्माण कार्यों का वर्चुअल शुभारंभ, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस योजना के अंतर्गत राज्य के 780 पात्र बसाहटों को जोड़ने के लिए 774 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 2427 किलोमीटर और लागत 2225 करोड़ रुपए है।
इसी क्रम में कोरिया जिले को भी बड़ी सौगात मिली है। जिले में कुल 27 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिनकी कुल लंबाई 131.84 किलोमीटर तथा लागत 11309.13 लाख रुपए है। जिला पंचायत के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इन कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया।

बैकुण्ठपुर विकासखंड में 17 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 74.70 किलोमीटर और लागत 6549.36 लाख रुपए है। वहीं सोनहत क्षेत्र में 10 सड़कों का निर्माण होगा, जिसकी लंबाई 57.14 किलोमीटर और लागत 4759.77 लाख रुपए निर्धारित की गई है।
इन सड़कों के निर्माण से जिले के दूरस्थ और दुर्गम गांवों में रहने वाले हजारों ग्रामीणों को पक्की सड़कों की सुविधा मिलेगी। अब तक पगडंडियों पर निर्भर रहने वाले ग्रामीणों को आवागमन में आसानी होगी, समय की बचत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बाजार तक पहुंच बेहतर होगी। साथ ही, क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, बैकुंठपुर जनपद पंचायत के अध्यक्ष उदय सिंह सिंदराम व सोनहत जनपद पंचायत के अध्यक्ष आशा देवी सोनपाकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क विभाग के कार्यपालन यंत्री दिलीप मिंज, एसडीओ अनुराधा पैकरा व अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने सड़को के शुभारंभ, शिलान्यास के अवसर पर कहा कि जिले के विकास में यह सड़के महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह करेगा साथ ही सम्बंधित विभाग समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सड़के बनाएं ताकि आम लोगो को लाभ मिल सके, जिससे जिले के समग्र विकास की दिशा में यह सड़के महत्वपूर्ण साबित हो सकें।