रायपुर। राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शैलाभ कुमार साहू को मंत्री केदार कश्यप का विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) नियुक्त किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक, शैलाभ साहू को कार्यभार संभालने की तिथि से आगामी निर्देश तक अस्थायी रूप से इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उप सचिव पुलक भट्टाचार्य को उनके वर्तमान कार्यों के अतिरिक्त ई-ऑफिस, SPARROW, ई-एचआरएमएस और सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े अन्य कार्यों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

प्रशासनिक अनुभव और डिजिटल सुधारों में अहम भूमिका
वर्ष 2013 बैच के अधिकारी शैलाभ साहू ने बलौदाबाजार, गरियाबंद और सारंगढ़ जैसे जिलों में काम करते हुए अपनी कार्यक्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने संसदीय चुनावों के दौरान मुख्य निर्वाचन कार्यालय में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
परिवहन विभाग में लंबे समय तक आईटी से जुड़े कार्यों को संभालते हुए उन्होंने डिजिटल सिस्टम को मजबूत करने में योगदान दिया। ई-ऑफिस, ई-एचआरएमएस और SPARROW जैसे प्लेटफॉर्म के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
रणनीतिक नियुक्ति के रूप में देखा जा रहा फैसला
प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस फैसले से सरकार नीति निर्माण और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना चाहती है।