धमतरी। जिले के नगरी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई की है। गोनदला नाला गांव में पिछले कई वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए 25 से अधिक अवैध मकानों को बुलडोजर की मदद से ढहा दिया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम आज सुबह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के लिए पहले कई बार नोटिस और अल्टीमेटम दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अंततः प्रशासन को सख्त कदम उठाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करनी पड़ी।
मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध को रोकने के लिए प्रशासनिक अमले के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बुलडोजर चलते ही अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। राजस्व अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल मौके पर टीम मौजूद है और शेष अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है।