रसोई में गैस पाइप फटने से मची अफरा-तफरी, तीन महिलाएं समेत चार झुलसे

बिलासपुर। न्यायधानी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जूना बिलासपुर कतियापारा में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक घर में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर का पाइप अचानक फट गया, जिससे किचन में भीषण आग लग गई। इस हादसे में रसोई में काम कर रही तीन महिलाएं और आग बुझाने की कोशिश कर रहा एक पुरुष झुलस गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा अशोक निर्मलकर के घर पर हुआ। रात के समय परिवार की महिलाएं रसोई में खाना पका रही थीं, तभी अचानक गैस पाइप फट गया और देखते ही देखते पूरी रसोई आग की लपटों में घिर गई। इस दौरान किचन में मौजूद पूजा निर्मलकर, सरोजिनी निर्मलकर और ममता निर्मलकर आग की चपेट में आ गईं। शोर सुनकर पहुंचे अशोक निर्मलकर ने जब आग बुझाने का प्रयास किया, तो वे भी झुलस गए।

मोहल्लेवासियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

आग लगने की खबर फैलते ही कतियापारा इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से सिलेंडर को घर से बाहर निकाला।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में झुलसी तीनों महिलाओं के हाथ और चेहरे पर काफी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *