रमेश गुप्ता दुर्ग।
सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की चाह में थाना परिसर के भीतर रील बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, “ऑपरेशन विश्वास” के तहत सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर संज्ञान लिया गया, जिसमें एक युवक थाना उतई परिसर के भीतर रील बनाकर उसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड करता नजर आ रहा था। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो थाना परिसर के अंदर बनाया गया था, जिससे प्रशासनिक स्थल की गरिमा प्रभावित हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना उतई पुलिस ने वीडियो में शामिल युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों में से एक के विरुद्ध पूर्व में थाना नेवई में आपराधिक प्रकरण दर्ज है। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 66-141/2026 के तहत धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुकेश उर्फ हुक्का साहू (27 वर्ष) एवं कनक चतुर्वेदी (24 वर्ष), दोनों निवासी स्टेशन पारा मरौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग रील बनाने में किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक एवं शासकीय परिसरों में इस प्रकार के वीडियो बनाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए इस तरह के कृत्यों से बचें और कानून का पालन करें।