हापुड़ में मौत का तांडव: बारात से लौट रही बस और ट्रक में भीषण भिड़ंत, ड्राइवर समेत 6 की दर्दनाक मौत, 13 घायल

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार की देर रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया। धौलाना-गुलावठी रोड पर बारातियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस भीषण भिड़ंत में बस चालक समेत 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 13 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों सड़क किनारे खाई में जा पलटे।

मिली जानकारी के अनुसार, डासना निवासी इकराम कुरैशी के बेटे की बारात गुलावठी से वापस लौट रही थी। तभी धौलाना क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को सीधी टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर के बाद बस ट्रक के नीचे दब गई थी। सूचना मिलते ही डीएम अभिषेक पांडे और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बस में फंसे बारातियों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन का सहारा लेना पड़ा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल प्रशासन ने मृतकों की पहचान सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक के रूप में की है। हादसे में घायल 13 लोगों का इलाज हापुड़ के मेडिकल कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चल रहा है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर घंटों ट्रैफिक जाम रहा, जिसे प्रशासन ने क्रेन की मदद से वाहन हटवाकर बहाल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *