बस्तर में नक्सलियों को बड़ा झटका: मुठभेड़ में खूंखार महिला माओवादी ACM रूपी ढेर, इलाके की आखिरी बड़ी कैडर थी

कांकेर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। कांकेर जिले के छोटेबेठिया इलाके में हुई मुठभेड़ में जवानों ने खूंखार महिला नक्सली ACM रूपी को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि रूपी इस इलाके में सक्रिय बड़े कैडर की आखिरी माओवादी बची थी, जिसके खात्मे के साथ ही संगठन को तगड़ा झटका लगा है। एसपी निखिल राखेचा ने इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की टीम आज सुबह रूटीन सर्चिंग पर निकली थी। जैसे ही जवान छोटेबेठिया के जंगलों में पहुंचे, वहां घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी फौरन मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। काफी देर तक चली इस मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख बाकी नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले, लेकिन मौके की तलाशी लेने पर एक महिला नक्सली का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान ACM रूपी के तौर पर हुई है।

इस बड़े ऑपरेशन के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है और सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। पुलिस का मानना है कि इस मुठभेड़ में कुछ और नक्सली घायल हुए होंगे। बस्तर में बड़े कैडर के सफाए की दिशा में इसे पुलिस की एक निर्णायक जीत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *