रमेश गुप्ता भिलाई । नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से गांजा लाकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 500 ग्राम गांजा, नगदी और मोबाइल सहित कुल 5.19 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
खुर्शीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बालाजी नगर स्थित श्रीराम मंदिर के पास एक मकान में उड़ीसा से लाया गया गांजा बिक्री के लिए रखा गया है। सूचना के आधार पर खुर्शीपार थाना पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और संदिग्धों की घेराबंदी कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 9 किलो 500 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 4.75 लाख रुपये), 12,100 रुपये नगद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करते थे।
पुलिस ने इस मामले में नवीन राणा (26 वर्ष) एवं प्रमोद राणा (28 वर्ष), दोनों निवासी जिला बलांगीर (उड़ीसा), तथा दुर्गा अम्मा (65 वर्ष), निवासी बालाजी नगर खुर्शीपार, दुर्ग को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से मादक पदार्थ की तस्करी और बिक्री में संलिप्त थे।
इस कार्रवाई में खुर्शीपार थाना एवं एसीसीयू टीम की संयुक्त और प्रभावी भूमिका रही।
नशे के कारोबार पर दुर्ग पुलिस का प्रहार; 9 किलो गांजे के साथ महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

12
Apr