रमेश गुप्ता देख भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर से लेकर आरक्षक स्तर तक के लगभग 60 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए और अपने दीर्घकालीन सेवा अनुभव साझा किए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना रहा। इस दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार, आम नागरिकों के साथ व्यवहार में संवेदनशीलता तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण जैसे मुद्दों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

सेवानिवृत्त कर्मियों ने सुझाव दिया कि पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण के लिए जनसंपर्क को मजबूत किया जाए, घटनास्थल पर समय पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा बीट स्तर पर नियमित संवाद कायम रखा जाए। सामुदायिक पुलिसिंग को और सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में यह भी सुझाव सामने आया कि सभी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाएं, जिससे वे स्थानीय स्तर पर पुलिस के सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकें।
अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निवासरत सेवानिवृत्त कर्मियों का अद्यतन डाटा तैयार करें और बीट अधिकारियों के माध्यम से नियमित संपर्क बनाए रखें। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सतत संवाद स्थापित करने और मोहल्ला एवं बीट पुलिसिंग में उनके अनुभव का लाभ लेने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सेवानिवृत्त अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में होने वाली किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें अपनी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं से भी पुलिस को अवगत कराने का आग्रह किया गया।